मोगा के गुरु राम दास नगर की गली नंबर-12 से 8 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे एक घर के बाहर खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी होने का मामला सामने आया था। चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिटी-1 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी जतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चोरी के मामले में दो आरोपियों हुसैनप्रीत सिंह और जसकरण सिंह निवासी फाजिल्का को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से चोरी की गई स्कॉर्पियो गाड़ी और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली। डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनसे पूछताछ कर यह पता लगाया जा सके कि वे किसी अन्य वाहन चोरी की वारदात में भी शामिल रहे हैं या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।