तरनतारन पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 पिस्तौल बरामद किए हैं। मामले की जांच में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है। इसकी जानकारी एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि बीती शाम सीआईए स्टाफ तरनतारन के प्रभारी इंस्पेक्टर रूपिंदर पाल सिंह अपनी टीम के साथ गांव बासरके के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ और तलाशी ली। प्रारंभिक जांच और गहन पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी सीमा पार से अवैध हथियार मंगवाकर इलाके में उनकी सप्लाई करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 8 पिस्तौल बरामद किए। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में जस्करन सिंह, अर्शदीप सिंह तथा एक नाबालिग का नाम सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को आज माननीय अदालत पट्टी में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियारों की खेप सीमा पार से किसके माध्यम से मंगवाई गई थी, इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने कहा कि तरनतारन पुलिस सीमा पार से होने वाली नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।