पंजाब सरकार ने लोगों को घर के नजदीक बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में तीन नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए हैं। इन क्लीनिकों का उद्धघाटन शनिवार को शहरी विधायक रणबीर सिंह भुल्लर ने एडीसी (विकास) कृष्णा पाल राजपूत और सिविल सर्जन डॉ. मीनाक्षी ढींगरा की मौजूदगी में किया। नए क्लीनिक केंद्रीय जेल फिरोजपुर, मलवाल रोड स्थित मार्कफेड कार्यालय के पास तथा गोलबाग के निकट सरकारी वेटरनरी पॉलीक्लीनिक परिसर में स्थापित किए गए हैं। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पहले जिले में 28 आम आदमी क्लीनिक संचालित थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 31 हो गई है। एडीसी कृष्णा पाल राजपूत ने कहा कि सरकार जल्द ही गांवों में भी आम आदमी गांव क्लीनिक शुरू करेगी, ताकि ग्रामीणों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मुफ्त दवाइयों का लाभ मिल सके। सिविल सर्जन डॉ. मीनाक्षी ढींगरा ने बताया कि आम आदमी क्लीनिकों में 46 प्रकार की जांचें और 107 प्रकार की दवाइयां पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां किसी प्रकार की पर्ची फीस भी नहीं ली जाती। उन्होंने कहा कि योग्य मेडिकल अधिकारियों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक टेस्ट और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे जिले के लोगों को काफी राहत मिल रही है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, मेडिकल स्टाफ और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।