सावन माह के दौरान धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए कीरतपुर साहिब के पुराने बस अड्डे पर दुकानदारों की ओर से श्रद्धा और सेवा भावना के साथ लंगर-भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे की शुरुआत माता रानी को माथा टेककर तथा अरदास करने के बाद की गई। इसके बाद देर शाम तक श्रद्धालुओं के लिए लंगर की सेवा जारी रही। भंडारे में श्रद्धालुओं को दाल, रुमाली रोटी, कढ़ी, चावल और हलवा सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन प्रसाद के रूप में वितरित किए गए। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए ठंडे पानी की सेवा भी की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुंचकर श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। दुकानदारों ने बताया कि पिछले 11 वर्षों से लगातार उनके द्वारा यह सेवा की जा रही है। सावन माह में माता नैना देवी, माता चिंतपूर्णी, ज्वाला जी सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। इसी भावना के तहत हर वर्ष लंगर-भंडारे का आयोजन किया जाता है।