जिला पुलिस ने बड़ी वारदात होने से पहले कार्रवाई करते हुए लूटपाट की योजना बना रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना सदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव राजोवाल के पास छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा और उनके कब्जे से कापा, खंडा, दो गंडासियां तथा गरारी लगी लोहे की पाइप बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव भागथला कलां के लखबीर सिंह उर्फ गग्गू, रणजीत सिंह उर्फ गोखी, जसवीर सिंह उर्फ जस्सा, गांव भागथला खुर्द के आकाशदीप सिंह उर्फ दीप तथा गांव मचाकी कलां के चरणदास उर्फ मोनू के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के निर्देशों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एएसआई राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक फिरोजपुर रोड से गांव हरदयालेआना जाने वाले लिंक रोड पर सुनसान जगह पर लूटपाट की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रणजीत सिंह के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि उनसे पूछताछ कर क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा सके।