फिरोजपुर रेल मंडल पेरिशेबल फलों की रेल ढुलाई के क्षेत्र में लगातार नए रिकॉर्ड कायम कर रहा है। अमृतसर, लुधियाना और जालंधर सिटी रेलवे स्टेशनों से अब एसएलआर के साथ-साथ वीपी के माध्यम से भी बड़ी मात्रा में फल देश के विभिन्न राज्यों में भेजे जा रहे हैं। रेल डिवीजन फिरोजपुर के डीआरएम संजीव कुमार ने बताया कि रेलवे की तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा का लाभ अब छोटे व्यापारी भी उठा रहे हैं। वे बड़े व्यापारियों के साथ मिलकर अपनी फलों की खेप रेल मार्ग से देशभर के बाजारों तक भेज रहे हैं, जिससे उन्हें नए बाजार मिलने के साथ परिवहन लागत में भी कमी आई है। जून 2026 के दौरान अमृतसर से चेरी और लीची की खेप बांद्रा टर्मिनस, सूरत और वडोदरा भेजी गई, जबकि लीची और नाशपाती हावड़ा (कोलकाता) रवाना की गई। लुधियाना से लीची बीना, भोपाल, बांद्रा टर्मिनस, पटना, सूरत, पुणे और कानपुर भेजी गई। वहीं, जालंधर सिटी से बीना, नागपुर और रायपुर के लिए भी फलों की खेप रवाना हुई। आंकड़ों के अनुसार अमृतसर स्टेशन से एसएलआर और वीपी के माध्यम से 20,410 बॉक्स (309 टन) पेरिशेबल फलों की बुकिंग हुई। लुधियाना से 95 बॉक्स (1,630 किलोग्राम) और जालंधर सिटी से 515 बॉक्स (6,980 किलोग्राम) फलों की बुकिंग दर्ज की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के सतत प्रयासों और व्यापारियों के बेहतर सहयोग से माल परिवहन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे फिरोजपुर मंडल देश के प्रमुख फल लोडिंग हब के रूप में तेजी से उभर रहा है।