बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और कांग्रेस नेताओं के साथ सरकारी अस्पताल पहुंचकर घायल सफाई कर्मचारियों का हालचाल जाना। इस दौरान चन्नी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि यदि 2027 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनती है तो इस घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने भी बरनाला में सफाई कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट को अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पूरे सफाई कर्मचारी समुदाय से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनके साथ हुई घटना पूरी तरह गलत थी। मीत हेयर ने बताया कि पंजाब सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं। मीत हेयर ने विपक्ष पर इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।