मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा शिरोमणि अकाली दल की छात्र इकाई स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया के बारे में की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में पंजाब के छात्र नेता चंडीगढ़ में एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास को घेरने के लिए कूच किया। पुलिस ने उन्हें सेक्टर 11 गुरुद्वारे के पास रोक लिया है। संगठन के अध्यक्ष रणवीर सिंह ढिल्लों ने पुलिस से आग्रह किया कि वह शांतिपूर्वक रोष मार्च निकालकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देना चाहते हैं लिहाजा उन्हें आगे जाने दिया जाए। प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद डीएसपी दलबीर सिंह ने विद्यार्थियों से बात की। विद्यार्थी जिद पर अड़े है कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीएम ने जो बयान छात्र संगठन के खिलाफ दिया गया है वह पंजाब के नौजवान को बदनाम करने वाला है। यदि पुलिस विद्यार्थियों को आगे नहीं जाने देना चाहती तो मुख्यमंत्री को यहां बुला दिया जाए। इसके बाद विद्यार्थियों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की हुई। पुलिस ने विद्यार्थियों को हिरासत में लिया और 11 और 26 के थाने में ले गए।