शहीद ऊधम सिंह जी के 87वें राज्य स्तरीय शहादत दिवस समारोह के दौरान सुनाम की अनाज मंडी में चोरों के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। कार्यक्रम की भारी भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतों ने कई लोगों के बटुए पार कर दिए। हालांकि, सतर्क लोगों ने एक संदिग्ध को रंगे हाथों दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पटियाला जिले के गांव नेनकलां निवासी पीड़ित हरबंस सिंह ने बताया कि जब वे खाना खा रहे थे, तभी चोरों ने कई लोगों की जेब काट ली। शक होने पर भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ लिया। पीड़ितों ने बताया कि चोरी हुए पर्स में नकदी के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम जैसे जरूरी दस्तावेज थे। पीड़ित हरबंस सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पकड़े गए आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाए और उनके कीमती दस्तावेज बरामद करवाए जाएं।