चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-17 बस स्टैंड पर भी भारी जलभराव हो गया। बस स्टैंड परिसर और आसपास की सड़कों पर पानी भर जाने से यात्रियों व वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।बस स्टैंड के मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र और चौक के आसपास घुटनों तक पानी जमा हो गया। कई बसें पानी में फंस गईं और आवागमन प्रभावित हुआ। यात्री पानी में पैदल चलकर बसें पकड़ने को मजबूर दिखे। आसपास की सड़कों, खासकर सेक्टर-17/18 रोड पर भी जलभराव के कारण यातायात जाम की स्थिति बनी रही।ट्राईसिटी में सुबह से हुई भारी बारिश ने कई इलाकों में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सेक्टर-17 जैसे व्यस्त इलाके में जलभराव से दैनिक यात्रियों, ऑफिस जाने वालों और स्थानीय व्यापारियों को दिक्कत हुई। नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचकर पानी निकालने और नालियों की सफाई का काम कर रही हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर बारिश के बाद सेक्टर-17 बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में पानी भरना आम बात हो गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।