फिरोजपुर रेल मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए अमृतसर रेलवे स्टेशन से पहली बार सेब और लुधियाना रेलवे स्टेशन से पहली बार आम की आउटवर्ड रेल लोडिंग सफलतापूर्वक की है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि यह पहल व्यापारियों और किसानों के लिए लाभदायक साबित होगी। ट्रेन संख्या 15708 से अमृतसर से कटिहार के लिए 97 बॉक्स सेब भेजे गए, जबकि ट्रेन संख्या 13006 से लुधियाना से हावड़ा के लिए 101 बॉक्स आम रवाना किए गए। रेलमार्ग से पेरिशेबल फलों की तेज, सुरक्षित और किफायती ढुलाई होने से उनकी गुणवत्ता बनी रहती है और समय पर बाजार तक पहुंच सुनिश्चित होती है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल व्यापारियों को विश्वसनीय एवं समयबद्ध माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।