मोगा पुलिस की ओर से शहीद पुलिसकर्मियों की महान कुर्बानियों को समर्पित जोगिंदर चौक, मोगा में बैंड शो का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस जवानों ने बैंड की धुनों के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी बहादुरी, देश सेवा तथा सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को याद करना और उनके बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना था। मोगा पुलिस ने शहीद जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए कहा कि देश की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके द्वारा दिया गया बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। शहीदों की वीरता और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।