पंजाब सरकार की "नशा मुक्त पंजाब" मुहिम के तहत मोगा के अजीतवाल पुलिस ने बुधवार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेष कासो चलाया। यह अभियान डीएसपी निहाल सिंह वाला अनवर अली की अगुवाई में 100 पुलिसकर्मियों के साथ लेकर निहाल सिंह वाला सब-डिवीजन के अंतर्गत आने वाले गांव चूहरचक, घोलिया खुर्द , खोटे, निहाल सिंह वाला, मानुके, हिम्मतपुरा के ड्रग हॉटस्पॉट इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने कई संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और ठिकानों की तलाशी ली तथा कई संदिग्ध वाहनों की भी जांच की। डीएसपी अनवर अली ने कहा कि मोगा जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशा तस्करी या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तुरंत मोगा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 96568-96568 या सेफ पंजाब हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 पर दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।