सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में गुरुवार को कीरतपुर साहिब का बाजार सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक पूरी तरह बंद रहा। शहर के लगभग सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। शुरुआत में कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोली थीं, लेकिन सफाई कर्मचारियों ने टेंपो के माध्यम से पूरे शहर में मुनादी कर उनसे हड़ताल के समर्थन में दुकानें बंद करने की अपील की। अपील के बाद उन दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद कर दीं और बाजार पूर्ण रूप से बंद हो गया। बाजार बंद रहने से जरूरी सामान खरीदने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं व्यापारियों ने भी सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की। इस दौरान थाना प्रभारी (एसएचओ) कीरतपुर साहिब राहुल शर्मा ने बताया कि शहर में पूरी तरह शांति का माहौल है। उन्होंने कहा कि बंद शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक बंद का आह्वान किया गया है तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।