जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा नशा तस्करों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से तरनतारन पुलिस ने सोमवार को व्यापक तलाशी अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरेंद्र लांबा के नेतृत्व में जिले के विभिन्न मोहल्लों और संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ सर्च ऑपरेशन किया गया। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि यह विशेष अभियान नशा तस्करों, विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों तथा असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए शुरू किया गया है। यह अभियान लगातार दो दिनों तक जारी रहेगा ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। अभियान में जिले के 8 एसपी, 16 डीएसपी और करीब 1200 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की। अभियान के दौरान अब तक 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने कहा कि पंजाब पुलिस का उद्देश्य जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगी तथा किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।