मोगा में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा का शुभारंभ विधायक डॉ. अमनदीप अरोड़ा ने रथ के आगे झाड़ू लगाकर किया। शुभारंभ से पहले उन्होंने भगवान जगन्नाथ के रथ पर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर शहर के कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के नेता और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। रथयात्रा मोगा के पुराने कोट रोड से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गीता भवन के पास जाकर संपन्न होगी। रथयात्रा में शामिल होने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मार्ग पर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला और वातावरण जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा।