फिरोजपुर रेल डिवीजन में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने, रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और यात्रा को सुरक्षित एवं आरामदायक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को मंडल के नौ रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, प्रतिक्रियाओं और सुझावों को जाना। यह कार्यक्रम फिरोजपुर कैंट, अमृतसर, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, लुधियाना, ब्यास, फगवाड़ा, ढंडारी कलां तथा फिल्लौर रेलवे स्टेशनों पर आयोजित किया गया। संवाद के दौरान यात्रियों को स्टेशन परिसर की स्वच्छता बढ़ाने, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए रेलवे द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। रेलवे की ओर से यात्रियों को स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित अपने सुझाव और फीडबैक साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।