फिरोजपुर के गांव बजीदपुर स्थित जामनी साहिब गुरुद्वारा से शुरू हुआ मीरी पीरी खालसा मार्च जब फिरोजपुर शहर पहुंचा तो लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ उसका भव्य स्वागत किया। इस दौरान अकाली दल के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के अलावा बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भी मार्च में शामिल संगत का स्वागत किया। लोगों ने खालसा मार्च पर फूलों की वर्षा कर अपनी आस्था प्रकट की। शहर में जगह-जगह खानपान के स्टाल लगाए गए थे। श्रद्धालुओं और मार्च में शामिल लोगों के लिए केलों व बिस्कुट का वितरण किया गया। पूरे मार्ग पर धार्मिक माहौल बना रहा और लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।