शहर के भारत नगर इलाके में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। वारदात के समय मकान मालिक का परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। रात करीब साढ़े 11 बजे परिवार वापस लौटा तो घर का गेट टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और जेवर गायब थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। भारत नगर निवासी भूषण कुमार का परिवार बुधवार शाम को घर को ताला लगाकर शादी समारोह में शामिल होने गया था। परिवार की गैरमौजूदगी में अज्ञात चोरों ने घर के गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों की तलाशी लेकर सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित भूषण कुमार ने बताया कि घर में परिवार के जेवर के अलावा कुछ रिश्तेदारों के जेवर भी रखे हुए थे। चोर इन सभी जेवरों को लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। परिवार के देर रात करीब साढ़े 11 बजे घर पहुंचने पर वारदात का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। डीएसपी अरुण मुंडन ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं