मंडी गोबिंदगढ़ में लगातार युवाओं की कथित तौर पर नशे के कारण हो रही मौतों को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने बड़ा आंदोलन शुरू करने का एलान किया है। गांव कुकड़ माजरा स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित प्रेस वार्ता में अकाली दल के नेता गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना ने कहा कि नशे के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाकर संयुक्त संघर्ष शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के मौजूदा हालातों को देखते हुए जल्द ही पंजाब के डीजीपी को मांग पत्र भी सौंपा जाएगा। राजू खन्ना ने कहा कि मंडी गोबिंदगढ़ में खुलेआम नशा बिक रहा है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार दिनों में अलग-अलग स्थानों पर चार युवाओं की नशे के कारण मौत हो चुकी है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की 'युद्ध नशों के विरुद्ध' मुहिम और पुलिस के तलाशी अभियान केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रहे हैं। जमीनी स्तर पर नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है और इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। राजू खन्ना ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के विधायक इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह चुप हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी उपलब्धियों का प्रचार कर रही है, जबकि दूसरी ओर मांओं के बेटे नशे की भेंट चढ़ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर नशा कहां से आ रहा है, कौन इसकी तस्करी कर रहा है और लगातार अभियानों के बावजूद इस पर रोक क्यों नहीं लग पा रही। उन्होंने कहा कि जल्द ही कांग्रेस, अकाली दल, भाजपा तथा अन्य सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों को साथ लेकर डीजीपी पंजाब को मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसके बाद नशे के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन भी शुरू किया जाएगा, ताकि सरकार और प्रशासन पर प्रभावी कार्रवाई का दबाव बनाया जा सके।