फरीदकोट की जोतराम कॉलोनी से 10 अगस्त 2026 को लापता हुईं तीन नाबालिग छात्राओं के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। थाना सिटी-2 पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच के दौरान छात्राओं के मुंबई में होने का इनपुट मिला है। इसके बाद पुलिस टीम छात्राओं को सुरक्षित बरामद करने के लिए मुंबई पहुंच चुकी है। इस मामले में थाना सिटी-2 के एसएचओ अकलप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तीनों छात्राएं फरीदकोट से मुंबई कैसे पहुंचीं और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति है या नहीं। पुलिस का कहना है कि छात्राओं की बरामदगी के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बता दें कि बीती 10 अगस्त 2926 को सरकारी स्कूल की 10वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा अपनी 14-14 वर्षीय दो सहेलियों के साथ सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल के लिए घर से पैदल निकली थीं, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचीं। परिजनों की शिकायत पर 12 अगस्त को बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस की प्राथमिकता तीनों छात्राओं को सुरक्षित बरामद करना है।