फरीदकोट शहर के एक निजी स्कूल में चार वर्षीय नर्सरी छात्रा के साथ अश्लील हरकतें किए जाने के मामले में अभी तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। कार्रवाई में देरी के विरोध में विभिन्न संगठनों ने 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे एसएसपी कार्यालय के समक्ष धरना देकर घेराव करने का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार, बच्ची की मां स्कूल में सफाई सेविका के तौर पर काम करती है और स्कूल में ही रहती है। स्कूल से लौटने के बाद बच्ची काफी देर तक रोती रही। मां ने जांच की तो उसके निजी अंगों पर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद बच्ची को पहले एक क्लीनिक ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाने की सलाह दी गई। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। नौजवान भारत सभा के नेता नौनिहाल सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले संगठनों का प्रतिनिधिमंडल थाना सिटी-2 के प्रभारी से मिला था, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ गए एक पत्रकार को वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने नोटिस जारी कर दिया। उन्होंने कहा कि बच्ची को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।