एएनटीएफ ने शुक्रवार पंद्रह किलो हेरोइन के साथ काबू किए दो आरोपियों की निशानदेही पर तीन लाख 86 हजार रुपये की ड्रग मनी और 302 ग्राम हेरोइन बरामद की है। एएनटीएफ उक्त दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ करने में जुटी हुई है। एएनटीएफ के मुताबिक सीमावर्ती गांव चक मेघा वेरान (गोलूका मोड़) के नजदीक से बाइक सवार आरोपी हरभजन सिंह और सियामन को हेरोइन के 30 पैकेटों के साथ काबू किया था। उक्त पैकेटों में कुल 15 किलो हेरोइन बरामद हुई थी। अदालत से रिमांड मिलने पर उक्त दोनो आरोपियों से पूछताछ की गई तो आरोपी हरभजन वासी सीमावर्ती गांव सांघा राय हिठाड़ ने बताया कि उसके घर पर हेरोइन पड़ी है। एएनटीएफ ने आरोपी हरभजन के घर दबिश देकर तलाशी के दौरान तीन लाख 86 हजार रुपये की ड्रग मनी और 302 ग्राम हेरोइन बरामद की है।