मोगा शहर में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे मजिस्टिक चौक से बाजार वाले फाटक के बीच एक कुरियर ब्वॉय पर दो युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर लूट की कोशिश की। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शाहकोट के निवासी 24 वर्षीय गगनदीप सिंह कुरियर मोगा में पार्सल डिलीवरी देने आया था। वह बस से जोगिंदर सिंह चौक पर पहुंचने के बाद पैदल मजिस्टिक चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान जब वह एक ऑटो रिक्शा में बैठने लगा, तभी पीछे से दो युवक तेजी से आए और उसका बैग छीनने का प्रयास किया। गगनदीप द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके गले में साफा डालकर उसे नीचे गिरा दिया और तेजधार हथियार से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बैग छीनने में असफल रहने पर आरोपी उसका मोबाइल छीनकर भागने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी मोबाइल फेंककर फरार हो गए, हालांकि मोबाइल कवर में रखे 400 रुपये निकाल लिए। घायल गगनदीप सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। बही मोगा सरकारी अस्पताल में डॉक्टर रमनदीप कौर ने बताया कि घायल गगनदीप सिंह के सिर पर चोट लगी है।