मोगा के भीड़-भाड़ वाले इलाके राम गंज मंडी में दिनदहाड़े गुंडागर्दी का मामला सामने आया है, जहां कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक प्राइवेट एंबुलेंस मालिक पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने एंबुलेंस की भी जमकर तोड़फोड़ की। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, मोगा के एंबुलेंस मालिक मनिंदर सिंह बिट्टू को फोन कर राम गंज मंडी से एक मरीज को फरीदकोट ले जाने के लिए बुलाया गया था। किराया पहले 2500 रुपये तय हुआ, लेकिन बाद में 2200 रुपये में बात पक्की हो गई। जैसे ही मनिंदर सिंह अपनी एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचा और गाड़ी से उतरने लगा, तभी दो हमलावरों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में मनिंदर सिंह की बांह और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद समाज सेवा सोसायटी के सदस्यों ने घायल को तुरंत मोगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।