पिछले 23 दिनों से जारी नगर काउंसिल सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच आम आदमी पार्टी के फरीदकोट विधायक गुरदित्त सिंह सेखों और जैतो विधायक अमोलक सिंह ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हड़ताल समाप्त करने की अपील की। दोनों विधायकों ने कहा कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों की अधिकांश मांगें मान चुकी है, इसलिए अब यूनियन को जनहित में काम पर लौटना चाहिए। विधायकों ने बताया कि सरकार ने कच्चे सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की नीति तैयार कर ली है और पात्र कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से पक्का किया जाएगा। साथ ही कच्चे सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 20,500 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के फैसलों के बाद सफाई कर्मचारियों की दो यूनियनों ने हड़ताल समाप्त कर दी है, जबकि सफाई सेवक यूनियन पंजाब अभी भी आंदोलन जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि लगातार हड़ताल के कारण कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। मानसून के दौरान सड़कों पर जमा कचरे से लोगों को परेशानी हो रही है और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ सकते हैं। ऐसे में कर्मचारियों को जनता के हित को प्राथमिकता देते हुए काम पर लौटना चाहिए। विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने सत्ता में आने के बाद विभिन्न विभागों के कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया है और आंदोलित कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान किया है। उन्होंने बरनाला लाठीचार्ज मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा चुकी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरकार की अन्य योजनाओं का जिक्र करते हुए सेखों ने बताया कि 1 अगस्त को 'मां-धी सत्कार योजना' के तहत पंजाब की करीब 40 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 3,000 से 4,500 रुपये की राशि भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपने चुनावी वादों और गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है।