फिरोजपुर के विधानसभा हलका गुरुहरसहाय में पंजाब सरकार की भर्ती प्रक्रिया के तहत विधायक फौजा सिंह सरारी ने 5 आंगनवाड़ी वर्करों और 49 हेल्परों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नव-नियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार योग्यता के आधार पर युवाओं को रोजगार देने के अपने वादे को लगातार पूरा कर रही है। विधायक ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नव-नियुक्त वर्करों और हेल्परों से अपील की कि वे पूरी ईमानदारी, लगन और सेवा भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद परिवार तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के योग्य उम्मीदवारों को नौकरी दी जा रही है।