पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा सदर थाना क्षेत्र के गांव गद्दोमाजरा में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला मनजीत कौर की कथित तौर पर उनकी देखभाल के लिए रखी गई केयरटेकर ने हत्या कर दी। आरोप है कि बुजुर्ग महिला के बिस्तर पर शौच कर देने से नाराज होकर केयरटेकर सुनीता कौर ने तकिए से उनका मुंह दबाकर जान ले ली। घटना के बाद आरोपी ने परिवार को बताया कि सुबह बुजुर्ग महिला की आंख नहीं खुली। मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका का बड़ा बेटा जसविंदर सिंह स्पेन से लौटकर घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखने लगा। फुटेज में कथित तौर पर केयरटेकर महिला बुजुर्ग का मुंह तकिए से दबाती दिखाई दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुनीता कौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना सदर राजपुरा प्रभारी किरपाल सिंह मोही ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।