मोगा के कस्बा अजीतवाल में बेखौफ बदमाशों ने एक सुनार की दुकान को निशाना बनाया। हथियारों से लैस चार नकाबपोश युवकों ने दुकानदार को जान से मारने की धमकी देकर करीब तीन किलो चांदी जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है, लूट ली और वारदात को अंजाम देकर सफेद रंग की वरना कार में फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर लगभग तीन बजे की है। अजीतवाल स्थित ज्वैलरी शॉप के मालिक हरजिंदर सिंह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की वरना गाड़ी दुकान के बाहर आकर रुकी। कार में से चार युवक उतरे, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे। दुकान में दाखिल होते ही नकाबपोशों ने पिस्तौल और अन्य हथियार निकालकर हरजिंदर सिंह पर तान दिए। बदमाशों ने हरजिंदर को शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। लुटेरों ने दुकान में रखी लगभग 3 किलो चांदी अपने कब्जे में ली और तुरंत बाहर खड़ी वरना कार में बैठकर फरार हो गए। घटना के बाद हरजिंदर सिंह ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस इलाके में आने-जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों की वरना कार का सुराग लगाया जा सके और भागने के रूट का पता चल सके। थाना अजीतवाल के पुलिस इंस्पेक्टर राज सिंह ने बताया कि सुनार हरजिंदर सिंह की दुकान से 3 किलो चांदी लूटे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया जाएगा।