सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को पंजाब के अमृतसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह चयन करना होगा कि उनके लिए छात्र अधिक महत्वपूर्ण हैं या एक ‘अक्षम’ और ‘विफल’ मंत्री। यह विरोध प्रदर्शन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चलाए जा रहे दीपके के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है। छात्रों और युवाओं ने बड़ी संख्या में शहर के प्रवेश द्वार ‘गोल्डन गेट’ पर परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं और प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इसी तरह के विरोध प्रदर्शन इससे पहले दिल्ली, पुणे और लखनऊ में भी आयोजित किए गए थे। दीपके ने कहा, ‘‘हम सभी 20 जून को दिल्ली जाएंगे और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक वहां डेरा डालेंगे। जेल जाने से मत डरो। जब मैं अमेरिका से भारत लौटा था, तब मैंने भी सोचा था कि मुझे जेल जाना पड़ेगा।’