पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना की शुरुआत करते हुए एक बड़ा सामाजिक सुरक्षा कवच राज्यवासियों को दिया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पंजाब के लगभग 3 करोड़ लोगों को 10 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य कवरेज मिल सकेगा। योजना के लिए 65 लाख परिवारों का एक समान सेहत कार्ड बनेगा जो हर अस्पताल में इलाज के समय तुरंत पंजीकरण के काम आएगा। सरकार का लक्ष्य है कि अस्पताल में पहुंचते ही मरीज का पंजीकरण हो जाए और इलाज में किसी भी तरह की देरी न हो। सरकार ने योजना के लिए बजटीय प्रावधान भी कर दिए हैं। कर्ज के बोझ के बावजूद स्वास्थ्य सेक्टर पर खास तौर पर निवेश किया गया है। योजना के लिए 1200 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है जबकि इसके उचित क्रियान्वयन के लिए विशेषज्ञों का मानना है कि यह पर्याप्त नहीं होगा और आगे वृद्धि की आवश्यकता पड़ेगी। पहले पंजाब में लागू सेहत योजनाओं में लगभग 5 लाख रुपये तक का बीमा कवरेज मिलता था, लेकिन इसमें सभी परिवार शामिल नहीं थे। कई वर्गों के लिए अलग-अलग कार्ड बनते थे लेकिन अब नई मुख्यमंत्री सेहत योजना में प्रदेश का हर परिवार शामिल होगा। कुल 2356 हेल्थ पैकेज इस योजना में शामिल किए गए हैं, जबकि पहले केवल 1600 पैकेज ही थे। इससे हर तरह की बीमारी का इलाज संभव होगा।