चंडीगढ़ में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में भगवंत मान और नायब सिंह सैनी के नाम का भी जिक्र किया गया है। साथ ही पंजाब के डीजीपी का नाम भी ईमेल में शामिल होने की बात सामने आई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।पुलिस ने एहतियात के तौर पर स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साइबर सेल की टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।