अमृतसर के 100 फीट रोड स्थित होटल फोर सीजन में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना बी डिवीजन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार संदीप सिंह अपने मामा के बेटे के साथ मंगलवार रात हवाई मार्ग से अमृतसर पहुंचा था। दोनों ने होटल में कमरा लिया और वहीं ठहरे। बुधवार सुबह जब उसके रिश्तेदार ने उसे उठाने की कोशिश की तो वह अचेत मिला। जांच करने पर उसकी मौत होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना बी डिवीजन के एसएचओ बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके अमृतसर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। एसएचओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत के कारणों पर कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस संदिग्ध मौत मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।