अमृतसर के थाना भिंडी सैदां के अधीन आते गांव जसराूर में पूर्व सरपंच के घर पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार गांव जसराूर के पूर्व सरपंच सचिव सिंह मिठ्ठू ने पुलिस को बताया कि बीती रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 से 1 बजे के बीच मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति, जिन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे, उनके घर के बाहर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने घर की ओर 8 से 10 गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना भिंडी सैदां के सब-इंस्पेक्टर दविंदर सिंह और एएसआई रणजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से चली गोलियों के खोल कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। गांव के सरपंच केवलजीत सिंह और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इस संबंध में सब-इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जो भी आरोपी पाया गया उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।