श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा है कि पंजाब सरकार को भेजे गए स्पष्टीकरण नोटिस पर जवाब देने की आज अंतिम तारीख है, लेकिन अब तक सरकार या उसके किसी अधिकृत प्रतिनिधि की ओर से कोई औपचारिक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के करीब पहुंचने के बावजूद अकाल तख्त साहिब से किसी भी स्तर पर संपर्क नहीं किया गया। मीडिया से बातचीत में जत्थेदार ने कहा कि जब यह मामला पंजाब विधानसभा में उठा था, तब सदन में मौजूद सिख कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों ने पांच बार हाथ खड़े कर अकाल तख्त साहिब के निर्देशों और प्रस्तावों पर अपनी सहमति जताई थी। उस दौरान उन्होंने आपत्तिजनक बिंदुओं को हटाने और आवश्यक संशोधन करने का भरोसा भी दिया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक सिख होने के नाते कोई भी व्यक्ति अकाल तख्त साहिब के समक्ष किए गए अपने वचनों से पीछे नहीं हटेगा। हालांकि, अंतिम समय तक सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने से अब इस मामले में अगले कदम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। राजनीतिक और धार्मिक हलकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पंजाब सरकार आज शाम तक अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करती है या नहीं।