अमृतसर के मजीठा क्षेत्र के गांव नाग कला में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में करीब 10 से 12 वर्षीय एक नाबालिग बच्ची घायल हो गई। घायल बच्ची को पहले मजीठा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार गांव में किसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गोली चल गई और उसकी चपेट में आकर एक मासूम बच्ची घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई है। बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।