नानकशाही संवत 558 और देसी नववर्ष के अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने कर्मचारियों के लिए नए अनुशासनात्मक नियमों की घोषणा की। उन्होंने कर्मचारियों को नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि यह संस्था गुरु साहिब के प्रचार-प्रसार के लिए है, केवल नौकरी का स्थान नहीं, इसलिए प्रबंधन में पारदर्शिता और अनुशासन बेहद जरूरी है। धामी ने निर्देश दिया कि अब सभी दफ्तरों, सेक्शन-85 के गुरुद्वारों और शैक्षणिक संस्थानों में ड्यूटी की शुरुआत पांच मूल मंत्र और गुरुमंत्र के जाप से होगी। इसके बाद संस्था की चढ़दी कला और आपसी ईर्ष्या समाप्त होने के लिए अरदास की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन अरदास करने वाला सेवेदार बदला जाएगा ताकि सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इसकी दैनिक रिपोर्ट व्हाट्सऐप के माध्यम से मुख्य कार्यालय भेजनी होगी।