जलालाबाद में शॉर्ट सर्किट के कारण श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूपों के अग्नि भेंट होने की घटना के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने गुरुद्वारों में सुरक्षा संबंधी विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने मंगलवार को तेजा सिंह समुद्री हॉल में अंतरिम कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गर्मी के मौसम में टेबल फैन चंदोए या गुरु साहिब के स्वरूपों के बिल्कुल निकट न लगाए जाएं। उन्होंने बताया कि कई बार चंदोआ फैन में फंसने से शॉर्ट सर्किट हो जाता है, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं। इसके अलावा बिजली की लड़ियां भी पालकी या स्वरूपों के बहुत पास न लगाने की सलाह दी गई है।