अमृतसर के कुछ स्कूलों को मिली कथित धमकी भरी ईमेल को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इस संबंध में जानकारी देते हुए आलम विजय सिंह, डीसीपी कानून व्यवस्था, अमृतसर ने बताया कि पुलिस को जैसे ही ईमेल की सूचना मिली, तुरंत संबंधित स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल परिसरों की गहन जांच की गई है और फिलहाल कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई है। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से चेकिंग करवाई गई। पुलिस साइबर टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। डीसीपी ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।