आम आदमी पार्टी के अमृतसर शहरी जिला इंचार्ज प्रभबीर सिंह बराड़ और महिला विंग के नेताओं ने बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के लिए घोषित वित्तीय सहायता योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये दिए जाएंगे। नेताओं ने कहा कि यह योजना आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की दी हुई गारंटी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार हमेशा अपने वादों को पूरा करती आई है, जबकि अन्य राजनीतिक दल चुनाव के समय वादे तो करते हैं लेकिन सरकार बनने के बाद उन्हें भूल जाते हैं। प्रभबीर सिंह बराड़ ने बताया कि इस योजना के लिए 13 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। गांवों और शहरों में कैंप लगाकर महिलाओं का पंजीकरण किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे।