रामदास नगर काउंसिल चुनावों के तहत मंगलवार को 11 वार्डों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। चुनाव रिटर्निंग अधिकारी सह एसडीएम डॉ. चारूमिता ने विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा कर चुनाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डॉ. चारूमिता ने बताया कि सभी 11 वार्डों में मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से चल रहा है। कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जहां अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत होगी, वहां तुरंत व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मतदान केंद्रों पर छाया, बैठने की व्यवस्था और पीने के पानी का प्रबंध सुनिश्चित किया गया है। बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों के साथ पहुंची महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता के आधार पर मतदान की सुविधा दी जा रही है। एसडीएम ने कहा कि सुबह से ही मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। गर्मी के कारण दोपहर में भीड़ कुछ कम रहने की संभावना है, लेकिन शाम के समय मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार मतदान प्रतिशत अच्छा रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डॉ. चारूमिता ने बताया कि संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। डीएसपी की अगुवाई में पुलिस बल हर बूथ पर कड़ी निगरानी रख रहा है, ताकि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनी रहे। अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर, दबाव या लालच के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।