पंजाब के विभिन्न गुरुद्वारों में चल रही ‘योगशाला’ योग कक्षाओं को लेकर विवाद गहरा गया है। फरीदकोट के सिख युवा नेता गुरसेवक सिंह भाणा अपने साथियों सहित श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचे और अकाल तख्त सचिवालय को मांग पत्र सौंपकर गुरुद्वारों व लंगर हॉलों में संचालित योग कक्षाएं बंद कराने की मांग की। श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए गुरसेवक सिंह भाणा ने कहा कि पंजाब सरकार के ‘योगशाला’ प्रोजेक्ट के तहत कई स्थानों पर गुरुद्वारों की सीमा के भीतर योग कक्षाएं लगाई जा रही हैं, जो सिख मर्यादा और गुरु घरों की पवित्रता के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि योग एक अलग गतिविधि है और इसे पार्कों, सामुदायिक केंद्रों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित किया जाना चाहिए। भाणा ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर बाहरी लोग इन कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं और गुरुद्वारों की परंपराओं व मर्यादा का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर सिख संगतों में चिंता है। उन्होंने अकाल तख्त के जत्थेदार से अपील की कि गुरुद्वारों के भीतर चल रही योग कक्षाओं को बंद कराने संबंधी आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि गुरु घरों की मर्यादा और परंपराएं कायम रह सकें।