पंजाब में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पंजाब पुलिस ने सोमवार से पूरे राज्य में ‘ऑपरेशन प्रहार-2.0’ की शुरुआत की है। यह विशेष अभियान लगातार 72 घंटे तक चलेगा। इसके तहत संगठित अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों, नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अमृतसर देहाती क्षेत्र में अभियान की शुरुआत डीआईजी इंदरबीर सिंह की निगरानी में की गई, जहां कासो ऑपरेशन चलाया गया। थाना कंबो के अधीन गांव माल व आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ घेराबंदी कर घर-घर तलाशी ली गई। इस दौरान 100 से अधिक संदिग्धों को राउंडअप कर गहन जांच की जा रही है। डीआईजी इंदरबीर सिंह ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार-1 की सफलता के बाद प्रहार-2 को और प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। पहले चरण में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ, हथियार बरामद हुए थे और कई कुख्यात गैंगस्टर गिरफ्तार किए गए थे। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों पर निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।