नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने एनडीपीएस एक्ट के 218 मामलों में बरामद नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देशों पर गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। ड्रग डिस्पोजल कमेटी के चेयरमैन रविंदर पाल सिंह संधू, एडीसीपी गुरप्रताप सिंह सहोता और एसीपी जसविंदर सिंह की मौजूदगी में खन्ना पेपर मिल में जब्त माल को बॉयलर में डालकर नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 11 किलो 550 ग्राम हेरोइन, 14,986 नशीले कैप्सूल, 4,677 नशीली गोलियां, 13 किलो 891 ग्राम नशीला पाउडर, 4 किलो 480 ग्राम चरस, 11 किलो 250 ग्राम भुक्की, 5 किलो 523 ग्राम स्मैक, 190 नशीली बोतलें, 213 इंजेक्शन तथा नशीला सिरप शामिल है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।