दोधी यूनियन अमृतसर की ओर से सोमवार को अपनी मांगों को लेकर डीसी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान यूनियन सदस्यों ने सड़क पर दूध बहाकर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। यूनियन का आरोप है कि शहर और आसपास के इलाकों में बड़े स्तर पर सिंथेटिक दूध, नकली पनीर और खोया तैयार किया जा रहा है, जिससे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है और पशुपालकों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। यूनियन नेता करमजीत सिंह नंगली ने कहा कि पिछले चार वर्षों से प्रशासन और सिविल सर्जन को ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मजबूर होकर पहली बार डीसी दफ्तर के बाहर दूध बहाकर विरोध दर्ज कराना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि अजनाला रोड, बटाला रोड, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड और मीरांकोट क्षेत्र में नकली दूध और पनीर बनाने की फैक्ट्रियां खुलेआम चल रही हैं। यूनियन का कहना है कि बाजार में 40 से 55 रुपये किलो तक नकली दूध और करीब 160 रुपये किलो नकली पनीर बिक रहा है, जबकि असली उत्पाद की लागत इससे कहीं अधिक है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नकली डेयरी उत्पादों के सेवन से कैंसर, पीलिया और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। यूनियन ने प्रशासन से मांग की कि नकली दूध और पनीर बनाने वालों के खिलाफ तुरंत छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाए और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए।