शहर के आबादी गुरु नगर, मन्ने दी वेली बैकसाइड इलाके में लगे बिजली के ट्रांसफॉर्मर में शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे भीषण आग लग गई। आग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने रेत डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग करीब डेढ़ घंटे तक धधकती रही। स्थानीय निवासी जतिंदर सिंह खालसा ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद पावरकॉम के जेई और एसडीओ को कई बार फोन किए गए, लेकिन किसी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया। फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची, लेकिन बिजली सप्लाई बंद न होने के कारण आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। रविवार को बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का आरोप है कि नया ट्रांसफॉर्मर लगाने के बजाय जले हुए ट्रांसफॉर्मर को ही दोबारा चालू कर दिया गया। कुछ समय बिजली बहाल रहने के बाद अधिक लोड के कारण फिर सप्लाई ठप हो गई। लोगों का कहना है कि पिछले छह महीनों से ट्रांसफॉर्मर लगातार खराब हो रहा है और इससे इलाके में बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर पावरकॉम के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में 190 किलोवाट का लोड है, जबकि ट्रांसफॉर्मर की क्षमता केवल 100 किलोवाट है। ओवरलोडिंग के कारण यह बार-बार खराब हो रहा है। पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद कि इलाके में दो नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे, लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि स्थायी समाधान नहीं होने पर दोबारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।