अजनाला स्थित फर्द केंद्र में मशीन खराब होने के कारण लोगों को लगातार दूसरे दिन भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मशीन बंद होने की वजह से फर्द जारी नहीं हो पा रही है, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। फर्द लेने पहुंचे लोगों ने बताया कि वे पिछले दो से तीन दिनों से केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि मशीन खराब है। लोगों का कहना है कि फर्द न मिलने के कारण उनके कई सरकारी और जमीन से जुड़े जरूरी काम अटके हुए हैं, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मशीन को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और उनका समय बर्बाद न हो। इस संबंध में फर्द केंद्र में तैनात कर्मचारी बलविंदर सिंह ने बताया कि मशीन खराब होने के कारण यह समस्या सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस बारे में उच्च अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और उम्मीद है कि मशीन जल्द ही ठीक कर दी जाएगी।