अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक संभावित बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस पोस्ट रइया के नजदीक एक संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत इलाके को घेरकर सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए। जांच के दौरान बैग में से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद हुआ। मौके पर बम निरोधक दस्ता, अमृतसर को बुलाया गया। विशेषज्ञ टीम ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और आम जनता की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हुई। इस संबंध में पुलिस थाना रैया में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा 3, 4 और 5 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला संख्या 45 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।