अमृतसर के झब्बाल रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध हालात में घर से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी विशालजीत सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ गेट हकिमा पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने तुरंत इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए बुलाया। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य अहम सबूत जुटाए हैं। वहीं पुलिस की एक विशेष टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले घर में किसी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही हुई थी या नहीं। मीडिया से बातचीत में एसपी विशालजीत सिंह ने बताया कि मृत महिला की पहचान कर ली गई है और उसकी उम्र लगभग 70 वर्ष है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत का कारण फिलहाल रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत प्राकृतिक है या इसके पीछे कोई साजिश है। फिलहाल पुलिस मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।