डीएम गगनदीप सिंह रंधावा मामले में उनके परिवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार ने मीडिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी आवाज जनता तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका रही है। परिवार का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा पहले दिन ही उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से न तो किसी ने परिवार से संपर्क किया और न ही उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। परिवार के अनुसार मामला वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने मिलकर टेंडर से जुड़े मामले में गगनदीप सिंह रंधावा को परेशान किया और उन्हें ऐसे हालात में धकेल दिया। इसी कारण उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय से जांच की मांग की है, ताकि पैसों के लेन-देन और संपत्ति की जांच हो सके। परिवार ने बताया कि अब तक केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी खुले घूम रहे हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों के परिजन समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं। परिवार ने कहा कि भले ही पंजाब पुलिस ने कुछ कार्रवाई की है और नई धाराएं भी जोड़ी हैं, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में सीबीआई जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके। परिवार ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे और जनता से भी समर्थन की अपील करेंगे। उनका कहना है कि यदि इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में किसी भी सरकारी अधिकारी के लिए न्याय पाना मुश्किल हो जाएगा।